Doubtnut Promotions Sticky

निम्नलिखित गद्यांश को ध्यानपूर्वक पड़कर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दीजिए
'सफलता चाहने वाले मनुष्य का प्रथम कर्त्तव्य यह देखना है कि उसकी रुचि किन कार्यों की ओर अधिक है। यह बात गलत है कि हर कोई मनुष्य हर एक काम कर सकता है। लॉर्ड वेस्टरफील्ड स्वाभाविक प्रवृत्तियों के काम को अनावश्यक समझते थे और केवल परिश्रम को ही सफलता का आधार मानते थे। इसी सिद्धान्त के अनुसार उन्होंने अपने बेटे स्टेनहाप को, जो सुस्त, ढीलाढाला, असावधान था, सत्पुरुष बनाने का प्रयास किया। वर्षों परिश्रम करने के बाद भी लडका ज्यों का त्यों रहा और जीवन-भर योग्य न बन सका। स्वाभाविक प्रवृत्तियों को जानना कठिन भी नहीं है, बचपन के कामों को देखकर बताया जा सकता है कि बच्चा किस प्रकार का मनुष्य होगा। प्राय: यह संभावना प्रबल होती है कि छोटी आयु में कविता करने वाला कवि सेना बनाकर चलने वाला सेनापति, भुटटे चुराने वाला चोर-डाकू, पुरजे कसने वाला मैकेनिक और विज्ञान में रूचि रखने वाला वैज्ञानिक बनेगा।जब यह विदित हो जाए कि लड़के की रुचि किस काम की ओर है तब यह करना चाहिए कि उसे उसी विषय में ऊँची शिक्षा दिलाई जाए। ऊँची शिक्षा प्राप्त करके मनुष्य अपने काम-धन्धे में कम परिश्रम से अधिक सफल हो सकता है, जिनके काम-धन्धे का पूर्ण प्रतिबिम्ब बचपन में नहीं दिखता, वे अपवाद ही हैं।
प्रत्येक मनुष्य में एक विशेष कार्य को अच्छी प्रकार करने की शक्ति होती है। वह बड़ी दृढ़ और उत्कृष्ट होती है। वह देर तक नहीं छिपती। उसी के अनुकूल व्यवसाय चुनने से ही सफलता मिलती है। जीवन में यदि आपने सही कार्यक्षेत्र चुन लिया तो समझ लीजिए कि बहुत बड़ा काम कर लिया।
(क) लॉर्ड वेस्टरफील्ड का क्या सिद्धान्त था? समझाइए।
(ख) इसे उसने सर्वप्रथम किस पर आजमाया? और क्या परिणाम रहा?
(ग) बालक आगे चलकर कैसा मनुष्य बनेगा, इसका अनुमान कैसे लगाया जा सकता है?
(घ) सही कार्यक्षेत्र चुनने के क्या लाभ हैं?
(ङ) उपर्युक्त गद्यांश के लिए एक उपयुक्त शीर्षक दीजिए।

Text Solution
Verified by Experts

(क) लॉर्ड वेस्टरफील्ड अपने सिद्धांत के अनुसार सफलता के लिए केवल परिश्रम को ही आवश्यक मानते थे। उनके अनुसार मनुष्य की स्वाभाविक प्रवृत्तियों का काम करने के लिए कोई महत्त्व नहीं था।
(ख) लॉर्ड वेस्टरफील्ड ने सबसे पहले अपने सिद्धांत को अपने बेटे स्टेनहाप पर आजमाया। वह स्वभाव से बहुत ही आलसी, ढीलाढाला और असावधान था। पिता के द्वारा वर्षों तक अथक परिश्रम करने के बाद भी वह आजीवन योग्य और सज्जन नहीं बन पाया।
(ग) बचपन की स्वाभाविक प्रवृत्तियों और कार्यों को देखकर अनुमान लगाया जा सकता है कि आगे चलकर बालक कैसा मनुष्य बनेगा। प्रायः यह देखा जाता है कि बचपन में कविता करने वाला कवि विज्ञान के प्रति रुचि रखने वाला वैज्ञानिक और सेना के प्रति रुचि रखने वाला महान सैनिक बनता है।
(घ) जीवन में यदि सही कार्यक्षेत्र चुन लिया तो समझना चाहिए कि जीवन सफल हो गया। जीवन का सबसे बड़ा कार्य होता है अपनी रुचि के अनुसार कार्य का चयन करना। जो अपनी रुचि के अनुसार कार्यक्षेत्र का चयन कर लेते हैं उन्हें कम मेहनत में अच्छी और अधिक सफलता मिल जाती है। अपने अनुकूल कार्यक्षेत्र का सबसे बड़ा लाभ सफलतम जीवन होता
(ङ) उपर्युक्त गद्यांश के लिए उपयुक्त शीर्षक .अनुकूल कार्यक्षेत्र. या प्रवृत्ति और परिश्रम हो सकता है। (छात्र समान अर्थवाले शीर्षक भी लिख सकते हैं।)

Doubtnut Promotions Banner
|
Updated on:21/07/2023

Related Playlists


Similar Questions