पौधों को जानिए कक्षा 6 विज्ञान

भूमिका

बच्चों जब हम अपने घर से बाहर निकल कर चारो ओर देखते है तब हमेंं अलग-अलग प्रकार के पेड़-पौधे दिखाई देते है। कुछ पौधे छोटे होते है और कुछ पौधे बड़े होते है। कोई पौधा बहुत छोटा है बिल्कुल घास के बराबर। कुछ पौधों में खूबसूरत फूल होते है तो कुछ में फल लगे होते है।

बच्चों आपके मन में यही सब सवाल आता होगा कि ये सब अलग-अलग क्यों है ? इस पाठ में हम यही सब जानेंगे कि विभिन्न प्रकार के पौधों में क्या-क्या अंतर होता है ? साथ ही इन पेड़-पौधों के तने, शाखाओं, जड़, पत्तियों आदि के बारे में भी जानेंगे।

पौधों का वर्गीकरण

बच्चों जब हम अलग-अलग पौधों को देखते है तब कोई पौधा हमसे छोटा दिखाई देता है तथा कोई पौधा हमारे ऊँचाई के बराबर दिखाई देता है और कोई पौधा हमसे बहुत बड़ा होता है।

इसलिए पौधों को उनकी ऊँचाई, तने एवं शाखाओं के आधार पर मुख्य रूप से चार भागो में बांटा गया है :-

  1. शाक

  2. झाड़ी

  3. वृक्ष

  4. लता या आरोही या बेल

शाक : हरे एवं कोमल तने वाले पौधे को शाक कहते है। इनकी ऊंचाई छोटी लगभग 3 से 4 फीट तक हो सकती है। इन पौधो में शाखाएँ ज्यादा नहीं होती है।
उदाहरण :- टमाटर, गेंदा, सरसो, चुकंदर आदि के पौधे शाक कहलाते है।

ocr_image


झाड़ी : जिन पौधों में जमीन के समीप से तने में शाखाएँ निकलती है तथा इनके तने कठोर होते है किन्तु अधिक मोटे नहीं होते है, उन्हें झाड़ी कहते है। इन पौधों की ऊँचाई हमारे बराबर या उससे थोड़े बड़े होते है।
उदाहरण :- गुलाब, नींबू, बेर, बोगनवेलिया आदि के पौधे झाड़ी कहलाते है।

ocr_image


वृक्ष : ऐसे पौधे जिनकी ऊँचाई अधिक हो तथा जिनके तने मोटे और कठोर हो वृक्ष कहलाते है। इनकी शाखाएँ जमींन से अधिक ऊँचाई पर तने के ऊपरी भाग से निकलती है।
उदाहरण :- नीम, आम, बरगद, पीपल आदि वृक्ष कहलाते है।

ocr_image


लता या आरोही या बेल : इन पौधों का तना लम्बा किन्तु कमजोर होता है अतः ऐसे पौधे जो किसी आधार के सहारे ऊपर चढ़ते है उन्हें आरोही कहते है और जो जमीन में फ़ैल जाते है उन्हें विसर्पी लता कहते है।
उदाहरण :- मटर, लौकी, अंगूर, तरबूज, सेमी, मनी प्लांट आदि।

ocr_image

पौधे के विभिन्न अंग

हमारे आस-पास अनेक प्रकार के पेड़-पौधे पाए जाते है। इनमे जड़, तना, पत्तियाँ, फूल तथा फल होते है। फलों के अंदर बीज होते है जिनको उगाने पर नए पौधे बनते है।

बीज : बीज पौधे का वह भाग है जिससे आगे नया पौधा बनता है। बीज को बच्चा पौधा कहा जा सकता है। इसमें नए पौधे के लिए भोजन भी होता है। पौधे की जीवन की शुरुआत बीज से होती है।
उदाहरण :- मक्का, मटर आदि के बीज।

बच्चों नीचे पौधों के विभिन्न अंग को चित्र के माध्यम से समझते है। और इनका आगे अध्ययन करते है।

ocr_image

जड़

जड़ पौधों का वह भाग है जो भूमि के भीतर पाया जाता है यह पौधों को मिट्टी में स्थिर रखता है और पौधे को मजबूती प्रदान करता है। पौधों को पानी जड़ में दिया जाता है जिससे की यह पौधे के पुरे भाग में पानी पहुँचा देते है।

जड़ों के प्रकार : जड़े दो प्रकार की होती है :-

  1. मूसला जड़

  2. रेशेदार जड़

मूसला जड़ : पौधे की ऐसी जड़ें जो तने के निचले भाग से एक मोटी जड़ निकलती है तथा बाद में इस भाग से पतली-पतली शाखाएँ निकलती है उनके मुख्य जड़ को मूसला जड़ कहते है तथा उनसे निकली छोटी जड़ो को पार्श्व जड़ कहते है। उदाहरण :- सरसो, गाजर, मूली आदि।

ocr_image


रेशेदार जड़ : यह नाम से स्पष्ट है कि इनकी जड़े रेशेदार होती है। कुछ पौधों की जड़े रेशों के जैसी दिखाई देती है इन्हे झकड़ा जड़ या रेशेदार जड़ कहा जाता है। ये जमीन के धरातल से कुछ गहराई पर होती है और एक ही स्थान से निकलती है जैसे- प्याज, गेंहू, लहसुन, घास इत्यादि की जड़ें।

ocr_image

जड़ो के कार्य

जड़े भूमि के भीतर होती है ये पौधों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। जड़ों के विभिन्न कार्यों को निम्न बिन्दु द्वारा समझते हैं।

जल एवं खनिज लवणों का अवशोषण :

जब हम पौधों में पानी डालते है तो वह जड़ के माध्यम से अवशोषित होता है तथा मिट्टी एवं खाद में उपस्थित खनिज लवणों को भी जड़ अवशोषित करता है और पौधों के सभी भागो में पहुँचाता है। इससे पौधों का विकास होता है।

ocr_image


भोज्य पदार्थों को संग्रहित करना :

पत्तियों द्वारा जो भोज्य पदार्थ बनाते है उन भोज्य पदार्थों को जड़ संग्रहित करके रखता है।

ocr_image


पेड़-पौधों को भूमि में स्थिर रखना :

आपने देखा होगा कि पौधे को जड़ से उखाड़ते समय ताकत लगानी पड़ती है क्योंकि जड़ें मिट्टी को बांधे रखती है जिससे पौधे भूमि में सीधे खड़े रहते है।

ocr_image


मिट्टी के कटाव को रोकना :

बारिश के समय में पानी मिट्टी को बहाकर ले जाती है जिसे मिट्टी का अपरदन कहते है। इसको रोकने का कार्य जड़े करती है। यह मिट्टी को अपने साथ बांध कर रखती है और इसे बारिश के पानी के साथ बहने नहीं देती है। इससे मिट्टी का कटाव (अपरदन) नहीं होता है।

ocr_image

जड़ो का रूपान्तरण

जब पौधों की जड़े कुछ विशेष कार्य करने लगती है तो इनकी आकृति और आकार बदल जाता है तब इन जड़ों को रूपान्तरित जड़ें कहते हैं। इसके कुछ उदाहरण इस प्रकार है :-

  • शलजम, मूली एवं गाजर की जड़ें भोजन संग्रह करके फूल जाती है, इन्हें खाया जाता है।

  • बरगद की ऊपरी शाखाओं से जड़े निकलती है जो वृक्ष को सहारा देने के लिए भूमि में प्रवेश कर जाती है।
ocr_image

तना

पौधों का जमींन के ऊपर वाला भाग तना या प्ररोह तंत्र कहलाता है। इसी भाग में शाखाएँ, पत्तियाँ, फूल, फल आदि लगे होते है। इस भाग का विकास तने के प्रांकुर से होता है।

पौधो में बीज का वह अगला भाग जिससे पत्तियों, शाखाओं आदि का अंकुरण आरंभ होता है प्रांकुर कहलाता है।

सामान्यतः तने में निम्न लक्षण दिखाई देते है :-

  • यह सामान्यतः भूमि के ऊपर का भाग है।

  • पौधों के तनो में शाखाएँ, फूल व पत्तियाँ तनों पर विशेष स्थानों से निकलती है, जिन्हे पर्वसंधि कहते है।

  • दो पर्वसंधियों के बीच के स्थान को पर्व कहते है। मक्के, बाँस और गन्ने में ये पर्वसंधियाँ स्पष्ट और फूली हुई गांठो के रूप में दिखाई देती है।
ocr_image


तने के कार्य : तने के निम्न कार्य होते है :-
  • तने पौधे को सीधा खड़ा रखने में सहायता करते हैं।

  • तने पर टहनियाँ, पत्तियाँ, फूल व फल लगे होते हैं।

  • तना, जड़ों द्वारा अवशोषित पानी व खनिज लवणों को पौधे के विभिन्न भागों तक पहुँचाता है।

  • तना, पत्ती में बनने वाले भोजन को पौधे के विभिन्न भागों तक पहुँचाता है।

  • तना कांटो के द्वारा पौधों को सुरक्षा प्रदान करता है।

  • तना खाद्य पदार्थ का संग्रहण भी करता है।
ocr_image


तनो के रूपांतरण : जब तना विशिष्ट कार्य करता है तब इसकी आकृति बदल जाती है ऐसे तने रूपांतरित तने कहलाते है। तनो में रूपांतरण को नीचे दिए गए चित्र में प्रदर्शित किया गया है :-

ocr_image

पत्ती

पेड़-पौधों के तनों की पर्व संधियों पर हमें जो हरी एवं चपटी रचना दिखाई देती है वे पत्तियाँ होती है। ये पत्तियाँ तनों से डण्ठल या पर्णवृंत की सहायता से जुडी होती है।

ocr_image


पत्ती का वह भाग जिसके द्वारा वह तने से जुडी होती है, पर्णवृंत कहलाता है। कुछ पत्तियों में पर्णवृंत नहीं होती है जैसे मक्का, गन्ना आदि।

पत्तियों के कुछ भाग को समझते है :-
  • पत्ती के चौड़ा एवं चपटे हरे भाग को फलक कहते है।

  • पत्तियों में रेखित संरचना दिखाई देती है जिन्हे शिरा कहते है। पत्ती के मध्य में एक मोटी शिरा दिखाई देती है जो मध्य शिरा कहलाती है।

  • पत्तियों में शिराओ द्वारा बनाए गए डिजाइन को शिरा-विन्यास कहते है। यह दो प्रकार के होते है-

    1. यदि यह डिजाइन मध्य शिरा के दोनों ओर जाल जैसा होता है तो उसे जालिका रूपी शिरा-विन्यास कहते है।

    2. जब पत्तियों में यह शिराएँ एक दूसरे के समान्तर होती है तब ऐसे शिरा-विन्यास को समांतर शिरा-विन्यास कहते है।
ocr_image


पत्तियों के कार्य : पत्तियों के कार्य निम्न प्रकार से है :-
  1. पत्तियों में हरा पदार्थ (हरित लवक या क्लोरोफिल) होने के कारण ये सूर्य के प्रकाश की उपस्थिति में कार्बन डाईऑक्साइड तथा जल द्वारा भोज्य पदार्थ बनाती है, यह क्रिया प्रकाश संश्लेषण कहलाती है। इस क्रिया में ऑक्सीजन भी बनती है।

    ocr_image

  2. पत्तियों की सतह पर अनेक छिद्र या रन्ध्र (स्टोमेटा) होते हैं, जिनसे पौधों में उपस्थित अतिरिक्त जल, वाष्प बनकर उड़ता रहता है। इस क्रिया को वाष्पोत्सर्जन कहते है।

    ocr_image

  3. इन्हीं रन्ध्रों से पत्तियाँ कार्बन डाईऑक्साइड एवं ऑक्सीजन का आदान-प्रदान करती है।

  4. कुछ पौधों की पत्तियाँ भोजन संग्रह का कार्य एवं पौधों के ताप नियंत्रण का कार्य भी करती है।

पत्तियों का रूपान्तरण : पत्तियाँ भी कुछ विशिष्ट कार्यों को करने के लिए रूपान्तरित हो जाती है। पत्तियों के रूपान्तरण के कुछ उदाहरण इस प्रकार है :-
  • प्रतान : मटर के पौधे में कमजोर तना होता है अतः इसकी पत्तियों के अग्र भाग स्प्रिंग जैसी संरचनाओं में बदल जाते हैं जिनके द्वारा पौधों को सहारा मिलता है, ये रचनाएँ प्रतान कहलाती हैं।

    ocr_image

  • कांटों में : बैंगन के पौधे में पत्तियों के किनारों और सतह पर काँटे विकसित हो जाते हैं जो पत्तियों के ही रूपान्तरण हैं। ये पौधे की सुरक्षा करते है।

    ocr_image

पुष्प (फूल)

फूल पौधों का सबसे सुन्दर एवं आकर्षक भाग होता है। हमारे आसपास अनेक फूल है जिनमें गेंदा, गुलाब, मोंगरा, गुड़हल, सूरजमुखी, चम्पा आदि प्रमुख है।

फूलों के रंग भी अलग-अलग होते है और सभी की अपनी-अपनी विशेष गंध होती है। परन्तु इन सारी विविधताओं के होते हुए भी यह रचना में काफी समान होते है।

ocr_image


पुष्पों के प्रमुख भाग निम्नलिखित है :-

ocr_image
  • बाह्य दलपुंज : फूलों का सबसे बाहरी, हरा छोटी पत्तियों के सामान भाग को बाह्य दलपुंज कहते है।

  • दलपुंज : फूलों का रंगीन एवं सुगंधित भाग दलपुंज या पंखुड़ी कहलाता है। विभिन्न पुष्पों की पंखुड़ियाँ अलग-अलग रंगों की होती है।

    ocr_image

  • पुंकेसर : फूलों के नर जननांग को पुंकेसर कहते है। यह पुष्प का आंतरिक भाग होता है। इसको देखने लिए बाह्य दल एवं पंखुड़ियों को हटा कर देखा जा सकता है। पुंकेसर के दो भाग, परागकोष और तंतु होते है।

    ocr_image

  • स्त्रीकेसर : फूलों के मादा जननांग को स्त्रीकेसर कहते है। इसके तीन भाग होते है- वर्तिकाग्र, वर्तिका, अण्डाशय।

    ocr_image

  • बीजांड : अंडाशय की आंतरिक भाग के अंदर छोटी-छोटी गोल संरचनाएँ बीजांड कहलाती है। इसको देखने के लिए अंडाशय को काट कर देखा जा सकता है।

    ocr_image

पुष्प अंगो के कार्य : पुष्प के विभिन्न अंगो के कार्य इस प्रकार है :-
  1. बाह्य दलपुंज आंतरिक भागों की रक्षा करना।

  2. दलपुंज रंग एवं गंध की सहायता से परागण करने वाले जीवो (कीटों, मधुमक्खियों, तितलियों) को आकर्षित करना।

  3. पुंकेसर ये नर जननांग है जिनमेंं परागकणों का निर्माण होता है।

  4. स्त्रीकेसर पुष्प का मादा जननांग है जिसमेंं अण्डाशय से ही फल एवं बीजों का निर्माण होता है।

  5. परागण कार्य परागण वह क्रिया है जिसमेंं पुंकेसर में निर्मित परागकण वायु, कीटो या अन्य साधनों द्वारा स्त्रीकेसर के वर्तिकाग्र पर पहुंचाए जाते हैं।

फल

बच्चों आप सभी ने आम, अमरूद, सेब, केला, जामुन, चीकू इत्यादि फलों को बहुत शौक से खाया होगा। क्या आप जानते हैं? इन फलों का निर्माण पुष्प के मादा भाग से होता है।

परागण क्रिया में नर एवं मादा की निषेचन क्रिया के उपरान्त अण्डाशय से फल एवं फल के अंदर बीजाण्ड से बीज का विकास होता है। बीज ही अंकुरित होकर नए पौधे का निर्माण करते है।

ocr_image

सारांश

  • सामान्यतः पौधों का वर्गीकरण उनकी ऊँचाई, तने एवं शाखाओं के आधार पर शाक, झाड़ी एवं वृक्ष में किया जाता है।

  • ऐसे पौधे जो सीधे खड़े नहीं हो सकते और ये जमीन पर फ़ैल जाते है या किसी ढाँचे के सहायता से ऊपर चढ़ जाते है आरोही या लता कहलाते है।

  • तने पर पत्तियाँ, पुष्प तथा फल होता है।

  • सामान्यतः पत्ती में पर्णवृंत और फलक होते हैं।

  • पत्ती में शिराओं का प्रतिरूप शिरा-विन्यास कहलाता है। यह जालिका रूपी अथवा समांतर हो सकता है।

  • पत्तियाँ वाष्पोत्सर्जन क्रिया द्वारा जलवाष्प को वायु में छोड़ देती हैं।

  • हरी पत्तियाँ सूर्य के प्रकाश की उपस्थिति में वायु एवं जल से प्रकाश-संश्लेषण क्रिया द्वारा भोजन बनाती है।

  • जड़ें मिट्टी से जल एवं खनिज पदार्थों का अवशोषण करती हैं तथा पौधों को मिट्टी में दृढ़ता से जमाए रखती हैं।

  • जड़ें मुख्यतः दो प्रकार की होती है- मूसला जड़ एवं रेशेदार जड़।

  • जालिका रुपी शिरा-विन्यास युक्त पत्तियों वाले पौधों की जड़ें मूसला जड़ होती है जबकि समांतर शिरा-विन्यास युक्त पत्तियों वाले पौधों की जड़े रेशेदार होती हैं।

  • तने द्वारा जड़ों से पत्तियों एवं दूसरे भागों को जल और पत्तियों से भोजन को पौधों के अन्य भागों तक पहुँचता है।

  • पुष्प के विभिन्न भाग हैं- बाह्यदल, पंखुड़ी, पुंकेसर एवं स्त्रीकेसर।