बच्चों जैसा कि हम जानते है कि हमारे आसपास के पदार्थ तत्व, मिश्रण एवं यौगिक के रूप में उपस्थित रहते हैं। हम यह भी जानते है कि तत्व एक ही प्रकार के परमाणुओं से बने होते हैं। क्या आप जानते हैं कि आज तक कितने तत्वों का पता चल चुका है? आज तक 118 तत्त्वों की जानकारी प्राप्त हो चुकी है। इनमें से 98 तत्त्व प्राकृतिक रूप में पाए जाते हैं।
सन् 1800 तक केवल 30 तत्व का पता चला था। इन सभी तत्वों की संभवत: भिन्न-भिन्न विशेषताएँ थीं। जैसे-जैसे विभिन्न तत्वों की खोज हो रही थी, वैज्ञानिक इन तत्वों के गुणधर्मों के बारे में अधिक से अधिक जानकारी एकत्र करने लगे। उन्हें तत्वों की इन जानकारियों को व्यवस्थित करना बड़ा ही कठिन लगा। उन्होंने इन गुणधर्मों में एक ऐसा प्रतिरूप ढूँढ़ना आरंभ किया जिसके आधार पर इतने सारे तत्वों का आसानी से अध्ययन किया जा सके।
बच्चों यदि हम तत्वों के वर्गीकरण से होने वाले लाभ को जाने तो वह कुछ निम्नलिखित प्रकार हैं-
(i) इसमें तत्वों के गुणों का अध्ययन नियमित तरीके से किया जा सकता है।
(ii) सभी तत्वों के गुणों का अलग-अलग अध्ययन करने की आवश्यकता नहीं पड़ती है।
(iii) किसी समूह के एक विशिष्ट तत्त्व के गुणों की जानकारी हो जाने पर उस समूह के अन्य तत्वों के गुणों का अनुमान लगाया जा सकता है।
(iv) किसी भी समूह के तत्वों के गुणों में होने वाले क्रमिक परिवर्तन को समझना आसान हो जाता है।
(v) इससे विभिन्न समूहों के तत्वों के पारस्परिक संबंध की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
विभिन्न वस्तुओं एवं प्राणियों को उनके गुणधर्मों के आधार पर वर्गीकृत किया जा सकता है। अन्य स्थितियों में भी हमें तत्वों के गुणधर्मों के आधार पर व्यवस्थित होने के उदाहरण मिलते हैं। जैसे बच्चों आपने दुकानों में साबुनों को एक साथ एक स्थान पर रखा जाता है, जबकि बिस्कुटों को एक साथ दूसरे स्थान पर रखा जाता है। यहाँ तक कि साबुनों में भी, नहाने के साबुन को कपड़ा धोने के साबुन से अलग रखा जाता है।
इसी प्रकार वैज्ञानिकों ने भी तत्वों को उनके गुणधर्मों के आधार पर वर्गीकृत करने के कई प्रयास किए ताकि अव्यवस्थित को व्यवस्थित किया सके। सबसे पहले ज्ञात तत्वों को धातु एवं अधातु में वर्गीकृत किया गया जैसे-जैसे तत्वों एवं उनके गुणधर्मों के बारे में हमारा ज्ञान बढ़ता गया. वैसे-वैसे उन्हें वर्गीकृत करने के प्रयास किए गए।

सन् 1817 में जर्मन रसायनज्ञ, वुल्फगांग डॉबेराइनर ने समान गुणधर्मों वाले तत्वों को समूहों में व्यवस्थित करने का प्रयास किया। उन्होंने तीन-तीन तत्व वाले कुछ समूहों को चुना एवं उन समूहों को त्रिक कहा। डॉबेराइनर ने बताया कि यदि त्रिक के तीनों तत्वों को उनके परमाणु द्रव्यमान के बढ़ते क्रम में रखा जाए तो तत्वों को इस प्रकार रखने पर बीच वाले तत्व का परमाणु द्रव्यमान, अन्य दो तत्वों के परमाणु द्रव्यमान का लगभग औसत होता है।
उदाहरण के लिए, लीथियम (Li), सोडियम (Na) एवं पोटैशियम (K) वाले त्रिक पर ध्यान को देखने पर, जिनके परमाणु द्रव्यमान क्रमशः 7.0,23.0 तथा 39.0 हैं को सारणी में दर्शाया गया है।
त्रिक नियम के अनुसार सोडियम का परमाणु द्रव्यमान =7+392=462=23 होगा।
हम देखतें है कि सोडियम का परमाणु द्रव्यमान लीथियम एवं पोटेशियम के परमाणु द्रव्यमानों का औसत है।
निम्न सारणी में तीन तत्वों के कुछ समूह दिए गए हैं। इन तत्वों को परमाणु द्रव्यमान के बढ़ते क्रम में ऊपर से नीचे की ओर व्यवस्थित किया गया है। बच्चों इस सारणी को देखकर क्या आप बता सकते हैं कि इनमें से कौन सा समूह डॉबेराइनर त्रिक बनाता है।


डॉबेराइनर के प्रयासों ने दूसरे रसायनज्ञों को तत्वों के गुणधर्मों का उनके परमाणु द्रव्यमान के साथ संबंध स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया। सन् 1866 में अंग्रेज़ वैज्ञानिक जॉन न्यूलैंड्स ने ज्ञात तत्वों को परमाणु द्रव्यमान के बढ़ते क्रम में व्यवस्थित किया। उन्होंने सबसे कम परमाणु द्रव्यमान वाले तत्व हाइड्रोजन से आरंभ किया तथा 56वें तत्व थोरियम पर इसे समाप्त किया। उन्होंने पाया कि प्रत्येक आठवें तत्व का गुणधर्म पहले तत्व के गुणधर्म के समान है। उन्होंने इसकी तुलना संगीत के अष्टक सुरों से की और इसलिए उन्होंने इसे अष्टक का सिद्धांत कहा। इसे 'न्यूलैंड्स का अष्टक सिद्धांत' के नाम से जाना जाता है। न्यूलैंड्स के अष्टक में लीथियम एवं सोडियम के गुणधर्म समान थे। सोडियम, लीथियम के बाद आठवाँ तत्व है। इसी तरह बेरिलियम एवं मैग्नीशियम में अधिक समानता है। न्यूलैंड्स के अष्टक के मूल रूप का एक भाग सारणी में दिया गया है।

न्यूलैंड्स के अष्टक सिद्धांत के स्वीकार होने के बाद भी कई वैज्ञानिकों ने ऐसे प्रतिरूपों की खोज जारी रखी जिससे तत्वों के गुणधर्मों का, उनके परमाणु द्रव्यमान के साथ संबंध स्थापित हो सके।
तत्वों के वर्गीकरण का मुख्य श्रेय रूसी रसायनज्ञ डमित्री इवानोविच मेंडलीफ को जाता है। तत्वों की आवर्त सारणी के प्रारंभिक विकास में उनका प्रमुख योगदान रहा। उन्होंने अपनी सारणी में तत्वों को उनके मूल गुणधर्म, परमाणु द्रव्यमान तथा रासायनिक गुणधर्मों में समानता के आधार पर व्यवस्थित किया।
जब मेंडलीफ ने अपना कार्य आरंभ किया तब तक 63 तत्व ज्ञात थे। उन्होंने तत्वों के परमाणु द्रव्यमान एवं उनके भौतिक तथा रासायनिक गुणधर्मों के बीच संबंधों का अध्ययन किया। रासायनिक गुणधर्मों के अंतर्गत मेंडलीफ ने तत्वों के ऑक्सीजन एवं हाइड्रोजन के साथ बनने वाले यौगिकों पर अपना ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने ऑक्सीजन एवं हाइड्रोजन का चुनाव इसलिए किया क्योंकि ये अत्यंत सक्रिय हैं तथा अधिकांश तत्वों के साथ यौगिक बनाते हैं। तत्व से बनने वाले हाइड्राइड एवं ऑक्साइड के सूत्र को तत्वों के वर्गीकरण के लिए मूलभूत गुणधर्म माना गया। फिर उन्होंने 63 कार्ड लिए एवं प्रत्येक कार्ड पर अलग अलग तत्वों के गुणधर्मों को लिखा। उन्होंने समान गुणधर्म वाले तत्वों को अलग कर दिया तथा इन पत्तों को पिन लगाकर दीवार पर लटका दिया। उन्होंने देखा कि अधिकांश तत्वों को आवर्त सारणी में स्थान मिल गया था तथा अपने परमाणु द्रव्यमान के बढ़ते क्रम में ये तत्व व्यवस्थित हो गए। यह भी देखा गया कि समान भौतिक एवं रासायनिक गुणधर्म के विभिन्न तत्व एक निश्चित अंतराल के बाद फिर आ जाते हैं। इसी आधार मेंडलीफ की आवर्त सारणी बनाई, जिसका सिद्धांत है-
तत्वों के भौतिक एवं रासायनिक गुणधर्म उनके परमाणु द्रव्यमान के आवर्ती फलन होते हैं।
मेन्डेलीफ की आवर्त सारणी में ऊर्ध्व स्तंभ को 'ग्रुप' (समूह) तथा क्षैतिज पंक्तियों को 'पीरियड' (आवर्त) कहते हैं।

आवर्त सारणी में तत्वों को व्यवस्थित करते समय मेंडलीफ की आवर्त सारणी में अधिक द्रव्यमान वाले तत्व को कभी-कभी कम द्रव्यमान वाले तत्व से पहले रखना पड़ा। ऐसा इसलिए करना पड़ा ताकि समान गुणधर्म वाले तत्वों को एक साथ रखा जा सके। उदाहरण के लिए, कोबाल्ट (परमाणु द्रव्यमान 58.9) सारणी में निकिल (परमाणु द्रव्यमान 58.7) से पहले है। ऊपर दी गई सारणी को देखकर क्या आप ऐसी ही एक अन्य विसंगति ढूँढ़ सकते हैं। इसके अतिरिक्त, मेन्डेलीफ ने अपनी आवर्त सारणी में कुछ रिक्त स्थानों को छोड़ दिया। इन रिक्त स्थानों को दोष के रूप में देखने के बजाय मेंडलीफ ने दृढ़तापूर्वक कुछ ऐसे तत्वों के अस्तित्व का अनुमान किया जो उस समय तक ज्ञात नहीं थे। इनका नामकरण उन्होंने उसी समूह में इससे पहले आने वाले तत्व के नाम में एका (संस्कृत शब्द) उपसर्ग लगाकर किया। जैसे बाद में ज्ञात होने वाले स्कैंडियम, गैलियम, जर्मेनियम के गुणधर्म क्रमशः एका-बोरॉन, एका-ऐलुमिनियम तथा एका-सिलिकॉन के समान थे। मेन्डेलीफ द्वारा अनुमानित एका-ऐलुमिनियम तथा बाद में ज्ञात गैलियम के गुणधर्म को सारणी में सूचीबद्ध किया गया है:

1. हाइड्रोजन की स्थिति
हाइड्रोजन का इलेक्ट्रॉनिक विन्यास क्षार धातुओं से मिलता है। क्षार धातुओं की भाँति हाइड्रोजन भी हैलोजन, ऑक्सीजन तथा सल्फर के साथ एक जैसे सूत्रों वाले यौगिक बनाता है।
उदाहरण : NaCl=HCl,Na2O=H2O,Na2S=H2S

सन् 1913 में हेनरी मोसले ने बताया कि तत्व के परमाणु द्रव्यमान की तुलना में उसकी परमाणु-संख्या अधिक आधारभूत गुणधर्म है। उनके अनुसार, मेन्डेलीफ की आवर्त सारणी में परिवर्तन किया गया तथा परमाणु-संख्या को आधुनिक आवर्त सारणी के आधार के रूप में स्वीकार किया गया। इस आधुनिक आवर्त नियम को इस प्रकार वर्णित किया जा सकता है:
'तत्वों के भौतिक एवं रासायनिक गुणधर्म उनकी परमाणु संख्या के आवर्ती फलन होते हैं।'
इस कथन का अभिप्राय यह है कि तत्वों को उनके परमाणु संख्या के बढ़ते हुए क्रम में रखने पर एक नियमित अन्तर के बाद उनके भौतिक एवं रासायनिक गुणों की पुनरावृत्ति होती है। मेंडलीफ के आधुनिक आवर्त-नियम के आधार पर मोजले ने सन् 1913 में तत्वों को उनके परमाणु संख्याओं के बढ़ते हुए क्रम में रख कर एक सारणी बनायी जिसे मेंडलीफ की संशोधित आवर्त सारणी कहते है।
मेंडलीफ की संशोधित आवर्त सारणी के दोषों को दूर करने के लिए विभिन्न वैज्ञानिकों ने अनेक प्रयास किये। इसके फलस्वरूप दीर्घाकार अथवा प्रवर्धित आवर्त सारणी सहित अनेक परिवर्तित तथा संशोधित आवर्त सारणी प्रकाश में आयी। सभी आवर्त सारणियों के गुणों तथा दोषों के विश्लेषण से यह निष्कर्ष निकला कि ज्ञात आवर्त -सारणियों में दीर्घाकार अथवा प्रवर्धित आवर्त सारणी सबसे अधिक उपयोगी तथा महत्वपूर्ण है। दीर्घाकार अथवा प्रवर्धित आवर्त सारणी के विकास में कई वैज्ञानिकों का योगदान रहा है। इनमें से रंग (Rang. 1893), बर्नर (Warner, 1905) तथा बरी (Bury 1921) का योगदान महत्वपूर्ण है। दीर्घाकार आवर्त सारणी का निर्माण बोर (Bohr, 1913-1921) के परमाणु की कक्षाओं में इलेक्ट्रॉनों के वितरण के सिद्धान्त के बाद तथा इसके आधार पर हुआ। अतः इसे बोर की आवर्त सारणी या आधुनिक आवर्त सारणी भी कहते है।
आधुनिक आवर्त सारणी के निर्माण का आधार यह है कि तत्वों के गुणों तथा उनके इलेक्ट्रॉनिक विन्यासों में गहरा सम्बन्ध होता है जिन तत्वों के इलेक्ट्रॉनिक विन्यासों में समानता होती है उनके गुण भी समान होते हैं। यदि तत्वों को उनकी परमाणु संख्याओं के बढ़ते हुए क्रम में रखा जाये तो तत्वों के एक नियमित अन्तर के बाद समान इलेक्ट्रॉनिक विन्यास वाले तत्त्व पाये जाते हैं। दूसरे शब्दों में, तत्वों को उनकी परमाणु संख्याओं के बढ़ते हुए क्रम में रखने पर उनके इलेक्ट्रॉनिक विन्यासों में आवर्तिता (periodicity) पायी जाती है। चूँकि समान इलेक्ट्रॉनिक विन्यास वाले तत्व के गुणों में भी समानता होती है, अतः तत्वों को उनके परमाणु संख्याओं के बढ़ते हुए क्रम में रखने पर उनके गुणों में भी आवर्तिता पायी जाती है। अत: आधुनिक आवर्त सारणी में तत्वों का वर्गीकरण करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा गया है कि समान इलेक्ट्रॉनिक विन्यास वाले तत्त्वों को एक साथ रखा जाये।
जैसा कि बच्चों आप जानते हैं कि परमाणु संख्या से हमें परमाणु के नाभिक में स्थित प्रोटानों की संख्या का पता चलता है तथा एक तत्व से दूसरे तक बढ़ने पर इस संख्या में एक की बढ़ोतरी होती है। तत्वों को उनकी परमाणु संख्या (Z) के बढ़ते क्रम में व्यवस्थित करने पर जो वर्गीकरण प्राप्त होता है उसे आधुनिक आवर्त सारणी कहा जाता है (सारणी में दिखाया जा रहा हैं)।

निम्नलिखित तत्त्वों को धातु , अधातु और उपधातु में वर्गीकृत करें ।
(a)Sn , (b) Br , (c) Co, (d) Cd , (e) Si और (f) Xe
(a ) धातु , (b ) अधातु , (c ) धातु , (d ) धातु ,(e ) उपधातु और (f ) अधातु ।
नीचे कुछ तत्वों को अक्षरों द्वारा दर्शाया गया है। तत्व, परमाणु क्रमांक 3 से लेकर 18 तक हैं। दर्शाये गये अक्षर तत्वों के सामान्य प्रतीक नहीं है।
बताएँ कि इनमें से
कौन निष्क्रिय गैस है ?
हम जानते हैं कि निष्क्रिय गैस के बाह्यतम शेल पूर्ण होते हैं और वह किसी आवर्त का अंतिम तत्व होता है। तत्व G का परमाणु क्रमांक 10 है अतः इसका इलेक्ट्रॉनिक विन्यास 2, 8 होगा। तत्व G का अंतिम शेल पूर्ण है अतः तत्व G निष्क्रिय गैस है।
परमाणु क्रमांक से आप क्या समझते हैं ? और इसे किसने परिभाषित किया था ?
किसी परमाणु के नाभिक (nucleus) में उपस्थित प्रोटॉन की संख्या को परमाणु क्रमांक कहा जाता है। परमाणु क्रमांक की परिभाषा मोसले साहब ने दी थी।
(1) आधुनिक आवर्त सारणी में आधुनिक आवर्त नियम के आधार पर तत्वों को उनकी परमाणु संख्या के बढ़ते हुए क्रम में रखा गया है।
(2) तत्वों को उनकी परमाणु संख्या के बढ़ते हुए क्रम में रखने पर तत्वों के एक नियमित अन्तर के बाद समान इलेक्ट्रॉनिक विन्यास वाले तत्व पाये जाते है। आधुनिक आवर्त सारणी में समान प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक विन्यास वाले तत्वों को एक साथ रखा गया है। किसी एक ही समूह के सभी सदस्यों के इलेक्ट्रॉनिक विन्यास समान प्रकार के होते है। समान इलेक्ट्रॉनिक विन्यास वाले तत्वों के गुण भी समान होते हैं, अतः आधुनिक आवर्त सारणी के किसी एक ही समूह के सभी सदस्यों के गुण भी समान होते हैं।
(3) इलेक्ट्रॉनिक विन्यास में समानता होने के कारण किसी एक ही समूह के सभी तत्वों की संयोजकता भी समान होती है। समूह 1,2,13,14,15,16,17 व 18 के तत्व के बाह्यतम कोश में क्रमशः 1,2,3,4,5,6,7 व 8 इलेक्ट्रॉन होते हैं तथा इनकी संयोजकताएँ क्रमशः 1,2,3,4,3,2,1 व 0 होती है। समूह 3 से 12 तक के तत्त्व परिवर्ती संयोजकता प्रदर्शित करते हैं।
(4) इस सारणी में 7 क्षैतिज पंक्तियाँ तथा 18 उर्ध्वाधर कॉलम है जिन्हें क्रमशः आवर्त तथा समूह कहते हैं। परमाणु संख्या 58 से 71 तक के लैन्थेनाइड (दुर्लभ-मृदा तत्व) तथा परमाणु संख्या 90 से 103 तक के ऐक्टिनाइड (रेडियोएक्टिव तत्त्व) श्रेणी के तत्वों को आवर्त सारणी के नीचे दो क्षैतिज पंक्तियों में अलग से स्थान दिया गया है।
(5) आधुनिक आवर्त सारणी में आवर्तों तथा समूहों में तत्वों के गुणों में क्रमिक परिवर्तन पाया जाता है। किसी आवर्त में बाये से दायें तथा समूह में ऊपर से नीचे जाने पर तत्वों की परमाणु त्रिज्याओं, आयनन विभव, इलेक्ट्रॉन बंधुता, ऋण-विद्युतता, ऋण-विद्युतीय गुण, धनविद्युतीय गुण, धात्वीयता, धातुओं की क्रियाशीलता ऑक्सीकारक व अपचायक गुणों तथा अन्य गुणों में क्रम से वृद्धि या कमी होती है।
(6) उपसमूहों को समाप्त कर दिया गया है।
आधुनिक आवर्त सारणी से तत्वों के भौतिक तथा रासायनिक गुणों का अध्ययन सरल हो गया। चूँकि आवर्त सारणी में समान गुणों वाले तत्वों को एक ही समूह में रखा गया है, अत: किसी समूह के किसी एक तत्त्व के गुणों के अध्ययन से उस समूह के अन्य तत्वों के गुणों का पर्याप्त सीमा तक ज्ञान हो जाता है।
आधुनिक आवर्त सारणी में आवर्त तथा समूहों में तत्वों के गुणों में क्रमिक परिवर्तन पाया जाता है। किसी आवर्त में बायें से दायें तथा समूह में ऊपर से नीचे जाने पर तत्वों की परमाणु त्रिज्याओं, आयनन विभव, इलेक्ट्रॉन बन्युता, ऋण-विद्युत, ऋण-विद्युतीय गुण, धन-विधुतीय गुण, धात्वीयता, धातुओं की क्रियाशीलता, ऑक्सीकारक व अपचायक गुणों तथा अन्य गुणों में क्रम से वृद्धि या कमी होती है। अत: यह सारणी तत्वों में परस्पर सम्बन्ध तथा विभेद स्थापित करने में भी सहायता प्रदान करती है।
आधुनिक आवर्त सारणी द्वारा मेंडलीफ की संशोधित आवर्त सारणी के कई दोष दूर हो जाते हैं। इनमें से प्रमुख है:
1. मेंडलीफ की संशोधित आवर्त सारणी का एक बड़ा दोष यह था कि कही-कही असमान गुणों वाले तत्वों (जैसे- IA तथा IB समूहों के तत्वों को एक साथ) तथा समान गुणों वाले तत्वों (जैसे-IA तथा IIA समूहों के तत्वों) को अलग-अलग स्थानों पर रखा गया था। आधुनिक आवर्त सारणी में मेंडलीफ की संशोधित आवर्त सारणी के इस दोष को दूर कर दिया गया है।
2. मेन्डेलीफ की आवर्त सारणी में धात्वीय तथा अधात्वीय तत्वों की समस्थानिकों की व्यवस्था ठीक नहीं है। मेंडलीफ की संशोधित आवर्त सारणी का यह दोष आधुनिक आवर्त सारणी में दूर कर दिया गया है।
3. मेंडलीफ की आवर्त सारणी में संक्रमण तत्वों को बीच-बीच में भिन्न-भिन्न स्थान दिये गये थे। इस सारणी में संक्रमण तत्वों को सारणी के बीच वाले स्थान में एक साथ रख दिया गया है।
4. इस आवर्त सारणी में मेंडलीफ की आवर्त सारणी की तरह चौथे, पांचवें तथा छठे आवर्त में सम और विषम प्रकार की श्रेणियाँ नहीं हैं। यह भी इसका एक गुण है।
5. यद्यपि लैंथेनाइड (विरल मृदा धातुओं) परमाणु संख्या 58 से 71 तथा एक्टिनाइड (रेडियोएक्टिव तत्व) परमाणु संख्या 90 से 103 तक के तत्वों को मेंडलीफ की आवर्त सारणी की भांति इस आवर्त सारणी में भी कोई उपयुक्त स्थान नहीं मिल पाया है, फिर भी इन तत्वों को आवर्त सारणी के नीचे दो क्षैतिज पंक्तियों में रखे जाने का औचित्य (justification) इस आवर्त सारणी से स्पष्ट हो जाता है। चूँकि इन दोनों श्रेणियों के तत्वों के इलेक्ट्रॉनिक विन्यासों में समानता है, अत: उन्हें एक साथ रखा जाना उचित है। यह भी आधुनिक आवर्त सारणी का एक गुण है।
6. परमाणु संख्याओं को आधार मानकर बनाए जाने के कारण समस्थानिक को, एक ही स्थान पर रखे जाने का औचित्य भी स्पष्ट हो गया। चूँकि एक ही तत्त्व के विभिन्न परमाणु होने के कारण उनकी परमाणु संख्या समान होती है।
7. हाइड्रोजन की स्थिति इस सारणी में भी स्पष्ट नहीं हो सकी।
आओं बच्चों इसे एक क्रियाकलाप द्वारा समझते हैं -
आधुनिक आवर्त सारणी में कोबाल्ट एवं निकिल के स्थान कैसे निर्धारित किष्ट गए है?
* आधुनिक आवर्त सारणी में तत्वों को आवर्त सारणी में बढ़ते हुए परमाणु संख्याओं के आधार पर रखा गया है। कोबाल्ट की परमाणु संख्या 27 तथा निकिल की परमाणु संख्या 28 है। अतः कोबाल्ट को निकिल से ठीक पहले रखा गया है।
आधुनिक आवर्त सारणी में विभिन्न तत्वों के समस्थानिकों का स्थान कैसे सुनिश्चित किया गया?
* आधुनिक आवर्त सारणी में तत्वों के वर्गीकरण का आधार परमाणु संख्या हैं और चूँकि समस्थानिक एक ही तत्त्व के परमाणु होते हैं और उनकी परमाणु संख्या समान होती हैं, अतः उनका स्थान आधुनिक आवर्त सारणी में स्वतः एक ही जगह सुनिश्चित हो गया।
क्या 1.5 परमाणु संख्या वाले किसी तत्त्व को हाइड्रोजन एवं हीलियम के मध्य रखा जा सकता है?
* तत्वों की परमाणु संख्या पूर्णांक होती है, अतः 1.5 परमाणु संख्या वाले तत्त्व का अस्तित्व ही नहीं है।
अब बच्चों आपके अनुसार आधुनिक आवर्त सारणी में हाइड्रोजन को कहाँ रखना चाहिए?
* आधुनिक आवर्त सारणी में हाइड्रोजन को परमाणु संख्या (1) तथा इलेक्ट्रॉनिक विन्यास के आधार पर इसे प्रथम आवर्त के समूह 1 में रखना चाहिए।
इस प्रकार बच्चों आप देख सकते हैं कि आधुनिक आवर्त सारणी में मेंडलीफ की आवर्त सारणी की कमियों को सुधारा गया है।
आधुनिक आवर्त सारणी में 18 ऊर्ध्व स्तंभ हैं जिन्हें 'समूह' कहा जाता है तथा 7 क्षैतिज पक्तियाँ हैं जिन्हें 'आवर्त' कहा जाता है। आइए, अब हम देखते हैं कि किसी 'समूह' अथवा 'आवर्त' में तत्वों की स्थिति किस बात पर निर्भर करती है।
आओं बच्चों इसे एक क्रियाकलाप द्वारा समझते हैं -
बच्चों आप आधुनिक आवर्त सारणी के समूह 1 में उपस्थित तत्वों के नाम बताइए।
* समूह 1 में उपस्थित तत्वों के नाम : हाइड्रोजन (H), लीथियम (Li), सोडियम (Na), पोटैशियम (K), रूबिडियम (Rb), सीजियम (Cs) तथा फ्रान्सियम (Fr) है।
अब बच्चों समूह 1 के पहले तीन तत्वों के इलेक्ट्रॉनिक विन्यास लिखिए।
* समूह 1 के पहले तीन तत्वों के इलेक्ट्रॉनिक विन्यास:
H1→1; Li3→2,1; Na11→2,8,1
इन तत्वों के इलेक्ट्रॉनिक विन्यास में क्या समानता है?
* सभी तत्वों की बाहतम कक्षा में 1 इलेक्ट्रॉन है।
इन तीनों तत्वों में कितने संयोजकता इलेक्ट्रॉन है?
* इन दोनों तत्वों में 1 संयोजकता इलेक्ट्रॉन है।
जैसा कि आप देख रहे हैं कि इन सभी तत्वों के संयोजकता इलेक्ट्रॉनों की संख्या समान है। इसी प्रकार आप देखेंगे कि एक ही समूह के सभी तत्वों के संयोजकता इलेक्ट्रॉनों की संख्या समान है। जैसे फ्लुओरीन (F) तथा क्लोरीन (Cl) जो समूह-17 के तत्व हैं। फ्लुओरीन एवं क्लोरीन के बाहरी कोश में 7 इलेक्ट्रॉन हैं। इससे पता चलता है कि आधुनिक आवर्त सारणी में समूह, बाहरी कोश के सर्वसम इलेक्ट्रॉनिक विन्यास को दर्शाता है। यद्यपि समूह में ऊपर से नीचे की ओर जाने पर कोशों की संख्या बढ़ती जाती है। हाइड्रोजन की स्थिति अनिश्चित रहती है क्योंकि इसे पहले आवर्त के समूह 1 या समूह 17 किसी में भी रखा जा सकता है।
आओं बच्चों इसे एक क्रियाकलाप द्वारा समझते हैं -
यदि आप आवर्त सारणी के आधुनिक रूप को देखें तो पता चलेगा कि Li,Be,B,C,N,O,F तथा Ne ये दूसरे आवर्त के तत्त्व हैं। इनका इलेक्ट्रॉनिक विन्यास लिखिए।
* Li→2,1; Be→2,2; B→2,3; C→2,4; N→2,5; O→2,6; F→2,7 तथा Ne→2,8
क्या इन सभी तत्वों के भी संयोजकता इलेक्ट्रॉनों की संख्या समान है?
* नहीं, इन सभी तत्वों के संयोजकता इलेक्ट्रॉनों की संख्या समान नहीं हैं क्योंकि किसी आवर्त में बाई से दाई ओर आगे बढ़ने पर तत्वों की संयोजकता (संयोजकता इलेक्ट्रॉन) में क्रमिक वृद्धि होती हैं।
क्या इनके कोशों की संख्या समान है?
* हाँ, इनके कोशों की संख्या समान है। चूँकि किसी आवर्त के सभी तत्वों में कोशों की संख्या समान होती है।
बच्चों आपने देखा कि इन तत्वों के संयोजकता इलेक्ट्रॉनों की संख्या तो भिन्न-भिन्न है लेकिन इनमें कोशों की संख्या समान है। आप यह भी देख रहें है कि आवर्त में बाई से दाई ओर जाने पर यदि परमाणु-संख्या में इकाई की वृद्धि होती है तो संयोजकता इलेक्ट्रॉनों की संख्या में भी इकाई वृद्धि होती है।
अतः हम कह सकते हैं कि अध्यासित कोशों की समान संख्या वाले विभिन्न तत्वों के परमाणु एक ही आवर्त में स्थित हैं।
* Na,Mg,Al,Si,P,S,Cl एवं Ar आधुनिक आवर्त सारणी के तीसरे आवर्त में स्थित हैं क्योंकि इनके परमाणुओं के इलेक्ट्रॉन K, L एवं M कोशों में स्थित हैं। इन तत्वों के इलेक्ट्रॉनिक विन्यास लिखकर इस कथन की पुष्टि कीजिए।
* प्रत्येक आवर्त दर्शाता है कि एक नया कोश इलेक्ट्रॉनों से भरा गया। पहले, दूसरे, तीसरे एवं चौथे आवर्त में कितने तत्व हैं?
विभिन्न कक्षों में भरे जाने वाले इलेक्ट्रॉनों की संख्या के आधार पर हम इन आवर्तों में तत्वों की संख्या बता सकते हैं। आप जानते हैं कि किसी कोश में इलेक्ट्रॉनों की अधिकतम संख्या एक सूत्र 2n2 पर निर्भर करती है जहाँ n, नाभिक से नियत कोश की संख्या को दर्शाता है। जैसे, -
K कोश - 2×(1)2=2, प्रथम आवर्त में दो तत्व हैं।
L कोश -2×(2)2=8 दूसरे आवर्त में आठ तत्व हैं।
M कोश - 2×(3)2=18, बाहरी कोश में आठ से अधिक इलेक्ट्रॉन नहीं हो सकते हैं इसलिए तीसरे आवर्त में भी आठ तत्व होंगे।
आवर्त सारणी में तत्वों की स्थिति से उनकी रासायनिक अभिक्रियाशीलता का पता चलता है। आप जानते हैं कि तत्व द्वारा निर्मित आबंध के प्रारूप तथा इसकी संख्या संयोजकता इलेक्ट्रॉनों द्वारा निर्धारित होती है।
किसी तत्त्व के परमाणु में कोशों की संख्या तथा उस तत्त्व के आवर्त की संख्या का सम्बन्ध
आवर्त सारणी के द्वितीय और तृतीय आवतों में स्थित तत्वों में कोशों की संख्या, में इलेक्ट्रॉन वितरण तथा प्रत्येक आवर्त में तत्वों की संख्या पर ध्यान दीजिए:-



परमाणु साइज़ से परमाणु की त्रिज्या का पता चलता है। एक स्वतंत्र परमाणु के केंद्र से उसके सबसे बाहरी कोश की दूरी ही परमाणु के साइज़ को दर्शाती है। हाइड्रोजन परमाणु की त्रिज्या 37 pm (पीकोमीटर, 1 pm = 10−12 m) है। आइए, हम समूह तथा आवर्त में परमाणु साइज़ की भिन्नता का अध्ययन करें।
आओं बच्चों इसे हम एक क्रियाकलाप द्वारा समझते हैं -
* बच्चों यहाँ दूसरे आवर्त के तत्वों की परमाणु संख्या नीचे दी गई है-




एक परमाणु का इलेक्ट्रॉनिक विन्यास 2, 8, 7 है
इस तत्व की परमाणु संख्या क्या है ?
परमाणु का इलेक्ट्रॉनिक विन्यास 2, 8, 7 है
यानी इलेक्ट्रॉनों की संख्या = 2 + 8 + 7 है
∴ परमाणु संख्या =Z= e = 17
आवर्त सारणी में तीन तत्व A, B तथा C की स्थिति निम्न प्रकार है।
अब बताइए कि
C का साइज B से बड़ा होगा या छोटा ?
तत्व B तथा C पाँचवें आवर्त के तत्व हैं और आवर्त में बायें से दायें जाने में साईज घटता है अत: C का साईज B से छोटा होगा।
आधुनिक आवर्त सारणी में बाई ओर धातुएँ तथा दाई ओर अधातुएँ स्थित हैं। धातुओं और अधातुओं के बीच एक टेढ़ी-मेढ़ी रेखा उन्हें एक-दूसरे से अलग करती है। इस रेखा पर वाले तत्वों में धातुओं और अधातुओं दोनों के गुणधर्म पाये जाते है। इन तत्वों को अर्द्धधातु या उपधातु कहते हैं। इस रेखा पर आने वाले तत्व-बोरान, सिलिकॉन, जर्मेनियम, आर्सेनिक, ऐंटिमनी, टेल्यूरियम एवं पोलोनियम धातुओं एवं अधातुओं दोनों के गुणधर्म प्रदर्शित करते हैं। इसलिए इन्हें अर्द्ध धातु या उपधातु भी कहते हैं।

किसी तत्त्व के परमाणुओं द्वारा ऋणायन बनाने की प्रवृत्ति को उस तत्त्व का ऋण-विद्युतीय गुण कहते हैं यदि तत्त्व की ऋणायन बनाने की प्रवृत्ति अधिक होती है, तो उसका ऋण-विद्युतीय गुण अधिक होता है। सामान्यतः किसी आवर्त में बायें से दायीं ओर जाने पर ऋण- विद्युतीय गुण में वृद्धि होती है तथा किसी समूह में ऊपर से नीचे की ओर जाने पर ऋण विद्युतीय गुण में की होती है।
किसी तत्त्व के परमाणुओं द्वारा धनायन बनाने की प्रवृत्ति को ठस तत्त्व का धन-विद्युत गुण कहते है। यदि तत्त्व की धनायन बनाने की प्रवृत्ति अधिक होती है, तो उसका धन-विद्युत गुण अधिक होता है। सामान्यतः किसी आवर्त में बाई से दाई ओर जाने पर धन-विद्युत गुण में कमी होती है तथा किसी समूह में ऊपर से नीचे की ओर जाने पर धन-विद्युतीय गुण में वृद्धि होती है।
आओं बच्चों इसे हम एक क्रियाकलाप द्वारा समझते हैं -
समूह में इलेक्ट्रॉन त्यागने की प्रवृत्ति किस प्रकार बदलती हैं?
* समूह में इलेक्ट्रॉन त्यागने की प्रवृत्ति ऊपर से नीचे जाने पर बढ़ती है।
आवर्त में यह प्रवृत्ति कैसे बदलती हैं?
* आवर्त में यह प्रवृत्ति बाई से दाई ओर जाने पर घटती है।
आवर्त में जैसे-जैसे संयोजकता कोश के इलेक्ट्रॉनों पर नाभिक द्वारा लगने वाला प्रभावी नाभिकीय आवेश बढ़ता है, इलेक्ट्रॉन त्यागने की प्रवृत्ति घट जाती है। समूह में नीचे की ओर, संयोजकता इलेक्ट्रॉन पर क्रिया करने वाला प्रभावी नाभिकीय आवेश घटता है क्योंकि सबसे बाहरी इलेक्ट्रॉन नाभिक से दूर होते हैं। इसलिए यह इलेक्ट्रॉन सुगमतापूर्वक निकल जाते हैं। इसलिए धात्विक अभिलक्षण आवर्त में घटता है तथा समूह में नीचे जाने पर बढ़ता जाता है।
दूसरी ओर, अधातुएँ विद्युत ऋणात्मक होती हैं। उनमें इलेक्ट्रॉन ग्रहण करके आबंध बनाने की प्रवृत्ति होती है।
आओं बच्चों इसे हम एक क्रियाकलाप द्वारा समझते हैं -
आवर्त में बाई ओर से दाई ओर जाने पर इलेक्ट्रॉन ग्रहण करने की प्रवृत्ति कैसे परिवर्तित होगी?
* आवर्त में बाई ओर से दाई ओर जाने पर इलेक्ट्रॉन ग्रहण करने की प्रवृत्ति बढ़ती है।
समूह में ऊपर से नीचे जाने पर इलेक्ट्रॉन ग्रहण करने की प्रवृत्ति कैसे परिवर्तित होगी?
* समूह में ऊपर से नीचे जाने पर इलेक्ट्रॉन ग्रहण करने की प्रवृत्ति घटती जाती है।
इस प्रकार के परिवर्तन होने का मुख्य कारण नाभिकीय आवेश में वृद्धि या कमी होना है।
धातुओं के ऑक्साइड क्षारीय होते हैं, अधातुओं के ऑक्साइड सामान्यत: अम्लीय या उदासीन तथा उपधातुओं के ऑक्साइड उभयधर्मी (amphoteric) होते हैं। स्पष्ट है कि तत्वों के ऑक्साइडों की प्रकृति उनकी धात्वीयता पर निर्भर करती है।
किसी आवर्त में बायें से दायें जाने पर तत्वों के ऑक्साइडों की क्षारीय प्रकृति घटती जाती है व अम्लीय प्रकृति बढ़ती जाती है। दूसरे शब्दों में धात्विक गुण घटता है।



आवर्त सारणी में बायीं से दायीं ओर जाने पर तत्त्वों की प्रवृत्तियों में परिवर्तन किस प्रकार होता है?
(i) तत्वों की धात्विक प्रवृत्ति घटती है-(ii) संयोजकता में वृद्धि होती है। (iii) परमाणु साइज में कमी होती है। (iv) तत्वों के ऑक्साइड अम्लीय हो जाते हैं।
डॉबेराइनर के वर्गीकरण की क्या सीमाएँ हैं?
डॉबेराइनर के वर्गीकरण की सीमाएँ निम्नलिखित हैं
(i) उस समय तक ज्ञात सभी तत्वों का वर्गीकरण त्रिक के आधार पर नहीं हो सका।
(ii) यह त्रिक नियम कुछ ही तत्वों तक सीमित रहा।
(iii) उस समय तक ज्ञात तत्वों में केवल तीन त्रिक ही ज्ञात हो सके थे।
मेंडेलीफ की आवर्त सारणी की मुख्य सीमाएँ क्या हैं?
मेंडेलीफ की आवर्त सारणी की मुख्य सीमाएँ-
(i) मेंडेलीफ की आवर्त सारणी में हाइडोजन को उचित स्थान नहीं दिया गया।
(ii) जल तत्वों के समस्थानिकों की खोज हुई तो उन्हें आवर्त सारणी में उचित स्थान नहीं दिया जा सका।
(iii) एक तत्व से दूसरे तत्व की ओर आगे बढ़ने पर परमाण द्रव्यमान में नियमित रूप से वृद्धि नहीं होती। अतः यह पता लगाना कठिन था कि दो तत्वों के बीच कितने और तत्व खोजे जा सकते हैं।
आपके अनुसार उत्कृष्ट गैसों को अलग समूह में क्यों रखा गया?
उत्कृष्ट गैसों की संरचना समान है क्योंकि प्रत्येक उत्कृष्ट गैस अंतिम कक्ष में आठ इलेक्ट्रॉन मौजूद होते हैं। इसके परिणामस्वरूप इनमें अन्य तत्वों से संयोग करने की प्रवृत्ति नहीं होती अतः ये अक्रिय गैस कहलाते हैं। प्रकृति में ये गैस सीमित मात्रा में पाये जाते हैं। इन्हीं कारणों से उत्कृष्ट गैसों को अलग समूह में रखा गया।
तत्वों के नाम बताइए-
(a) तीन तत्त्वों, जिनके सबसे बाहरी कोश में एक इलेक्ट्रॉन हो।
(b) दो तत्त्वों जिनके सबसे बाहरी कोश में दो इलेक्ट्रॉन उपस्थित हों।
(c) तीन तत्त्वों जिनका बाहरी कोश पूर्ण हो।
(a) Li , Na, K (लिथियम , सोडियम , पोटैशियम)
(b) Mg , Ca (मैग्नीशियम , कैल्शियम )
(c) हीलियम(He) , नियॉन(Ne) , आर्गन (Ar)
* मेंडेलीव के आवर्त नियम के अनुसार तत्वों के भौतिक तथा रासायनिक गुण उनके परमाणु द्रव्यमानों के आवर्ती फलन होते हैं।
* मेंडेलीव की आवर्त सारणी में तत्वों को उनके परमाणु द्रव्यमानों के बढते हुए क्रम में रखा गया था। इस सारणी में 12 क्षैतिज पंक्तियाँ और 8 उर्ध्वाधर कॉलम हैं।
* आधुनिक आवर्त-नियम के अनुसार-तत्वों के भौतिक तथा रासायनिक गुण उनके परमाणु संख्याओं के आवर्ती फलन होते हैं।
* मेंडेलीव की आवर्त सारणी के प्रमुख दोष-
(i) हाइड्रोजन की आवर्त सारणी में स्थिति न्याय-संगत नहीं प्रतीत होती है।
(ii) कुछ असमान गुणों वाले तत्वों को एक ही समूह में रखा गया है।
(iii) आठवें वर्ग में तत्वों को तीन-तीन के समूह में रखा गया है।
* आधुनिक आवर्त सारणी की प्रमुख विशेषताएँ निम्नलिखित है-
(i) आधुनिक आवर्त सारणी में आधुनिक आवर्त नियम के आधार पर तत्त्वों को उनकी परमाणु संख्या के बढ़ते हुए क्रम में रखा गया है।
(ii) आधुनिक आवर्त सारणी में समान प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक विन्यास वाले तत्वों को एक साथ रखा गया है। अतः इस सारणी के किसी एक ही समूह के सभी सदस्यों के गुण भी समान होते हैं।
(iii) इस सारणी में 7 क्षैतिज पंक्तियाँ तथा 18 उर्ध्वाधर कॉलम हैं जिन्हें क्रमशः आवर्त तथा समूह कहते हैं।
(iv) आधुनिक आवर्त सारणी में तत्वों को चार खण्डों में विभाजित किया गया है। इनको क्रमशः-s,p,d-तथा f ब्लॉक के तत्त्व कहते हैं।
* किसी परमाणु के नाभिक तथा बाह्यतम कोश के इलेक्ट्रॉनों के बीच की दूरी को परमाणु त्रिज्या कहते हैं।
* किसी आवर्त में बायें से दायें जाने पर तत्वों की परमाणु त्रिज्या कम होती जाती हैं।
* किसी समूह में ऊपर से नीचे जाने पर तत्वों की परमाणु त्रिज्या बढ़ती जाती हैं।
* किसी आवर्त में बायें से दायें जाने पर तत्वों के ऑक्साइडों की क्षारीय प्रकृति घटती जाती है व अम्लीय प्रकृति बढ़ती जाती है।
* किसी समूह में ऊपर से नीचे जाने पर ऑक्साइडों की क्षारीय प्रकृति बढ़ती जाती है तथा अम्लीय शक्ति घटती जाती है।
* किसी आवर्त में बायें से दायें जाने पर धात्विक गुण क्रमशः घटता है। तथा अधात्विक गुण बढ़ता है।
* समूह में ऊपर से नीचे जाने पर धात्विक गुण क्रमशः बढ़ता है।
* किसी आवर्त में बायें से दायें ओर जाने पर संयोजकता पहले 1 से 4 तक बढ़ती है फिर 4 से 1 तक क्रमशः घटती है।
* किसी समूह के सभी सदस्यों की संयोजकता समान होती हैं।
* किसी तत्व के परमाणु में कोशों की संख्या उसके आवर्त को बताती है।